Saved articles

You have not yet added any article to your bookmarks!

Browse articles

नम आंखों से दी सैनिक लोकेश बुरड़क को अंतिम विदाई, नौसेना जवानों की टुकड़ी ने बंदूकों की सलामी के साथ दिया गार्ड ऑफ ऑनर

दांतारामगढ़ |

सीकर जिले के दांतारामगढ़ उपखंड के शिवभजनपुरा निवासी भारतीय नौसेना में कार्यरत सैनिक लोकेश बुरड़क पुत्र परमाराम बुरड़क का कोच्चि में ड्यूटी के दौरान शुक्रवार को अचानक तबीयत खराब हो जाने से निधन हो गया। सैनिक के निधन की खबर के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार सुबह सैनिक लोकेश बुरड़क का पार्थिव शरीर दांतारामगढ़ पंहुचा जहां से एचपी पेट्रोल पंप दांतारामगढ़ से पैतृक गांव शिवभजनपुरा तक सैनिक लोकेश बुरड़क के सम्मान में अंतिम यात्रा के रूप में तिरंगा रैली निकाली गई। स्कूल के विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर वीर सैनिक को नाम आंखों से श्रद्धांजलि दी और भारत माता की जयकारे लगाए।

तिरंगा रैली पैतृक गांव पहुंचने पर अपने लाल को तिरंगे में लिपटा देख हर कोई आंसू बहाता नजर आया। सेना के अधिकारियों ने मृतक सैनिक लोकेश की बड़ी बहिन उर्मिला को तिरंगा सौंपा तो तिरंगे को सीने से लगाकर बहिन उर्मिला अपने भाई के लिए जोर जोर से रोने लगी जिसे देख सभी की आंखें नम हो गई।

एसडीएम मोनिका सामौर, तहसीलदार महिपाल सिंह, डीएसपी कैलाश कंवर राठौड़, भाजपा नेता गजानंद कुमावत, धोद के पूर्व विधायक पेमाराम, प्रधान प्रतिनिधि प्रभु सिंह शेखावत, जीणमाताजी थानाधिकारी दिलीप सिंह, कामरेड इंद्र सिंह लांबा, पूर्व प्रधान भंवर लाल वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्प चक्र अर्पित कर सैनिक लोकेश बुरड़क को श्रद्धांजलि अर्पित की।

नौसेना के जवानों की टुकड़ी ने बंदूकों की सलामी से गॉड ऑफ़ ऑनर देकर अपने साथी को अलविदा कहा। राजकीय सम्मान के साथ सैनिक लोकेश बुरड़क का अंतिम संस्कार किया गया। मिली जानकारी के अनुसार सैनिक लोकेश बुरड़क 7 फरवरी 2020 में भारतीय नौसेना में आईएनएस द्रोणाचार्य यूनिट में भर्ती हुए और वर्तमान में कोच्चि में पदस्थापित थे शुक्रवार सुबह ड्यूटी के दौरान तबीयत खराब हो जाने पर सैनिक लोकेश का निधन हो गया। सैनिक लोकेश के पिता का नाम परमाराम बुरड़क और माता का नाम मूली देवी है। लोकेश बुरड़क के एक बड़ी बहन उर्मिला है। महज 24 वर्ष की उम्र में सैनिक लोकेश बुरड़क का निधन हो जाने से परिवार सहित पूरे दांतारामगढ़ क्षेत्र में शोक छा गया।

Feed Back (0)

Give Your Feedback

Your email address and mobile number will not be published. Required fields are marked *